आज से नए वित्त वर्ष की शुरुआत हुई है और इसके पहले ही दिन गैस की कीमतों पर बड़ी राहत मिली है। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम वही हैं।
देश में लोकसभा चुनाव 2024 होने जा रहे हैं और इससे पहले एलपीजी की कीमतों पर बड़ी राहत मिली है। नए वित्त वर्ष के पहले दिन अप्रैल को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है। हालांकि, ये कटौती कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई है। 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर 32 रुपये तक सस्ता हो गया है। नए रेट आज से लागू हो गए हैं।
नए वित्त वर्ष के पहले दिन 1 अप्रैल 2024 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर प्राइस में कटौती कर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कीमतों में ताजा कटौती के बाद अब राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम 30.50 रुपये कम होकर 1764.50 रुपये हो गया है। कोलकाता में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 32 रुपये कम हुए है और यहां पर अब ये 1879 रुपये का मिलेगा। मुंबई की बात करें तो यहां पर एक सिलेंडर की कीमत 31.50 रुपये की कटौती के साथ घटकर 1717.50 रुपये और चेन्नई 30.50 रुपये की कमी के साथ 1930 रुपये कर दी गई है।


