दीपावली का मीठा संदेश : अध्यक्ष-सीएमओ ने जल और स्वच्छता कर्मचारियों का बढ़ाया हौसला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कुल व्यूज़2

सीएमओ सुरेखा जाटव ने किया कर्मचारियों का हौसला अफजाई

इटारसी। त्योहारी सीजन के बीच इटारसी से राहत भरी खबर सामने आई है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर पूरी रफ्तार से पटरी पर लौट आई है। दीपावली की इस उमंग और काम पर वापसी के जश्न को खास बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने आगे बढ़कर अपने मेहनतकश कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया है।

आज ओवरब्रिज के नीचे स्थित जल शाखा कार्यालय में एक बेहद आत्मीय नजारा देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव ने जल कार्य विभाग और स्वच्छता विभाग के सभी कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान का वितरण किया।

पर्व पर शहर की व्यवस्था रहे सुचारू

इस दौरान अधिकारियों ने दोनों विभागों के कर्मचारियों से चर्चा की और कहा कि दीपावली के इस महापर्व पर शहर की सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति सुचारू रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, लगन और सेवा-भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अनुरोध किया।

अधिकारियों के इस अपनेपन और प्रोत्साहन से जल शाखा और स्वच्छता विभाग के कर्मचारियों में एक नया जोश भर गया है, जिससे वे त्योहारी माहौल में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *