खुरई (टीएमई न्यूज)। खुरई जनपद पंचायत में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा झंडा फहराया जाएगा। जनपद पंचायत में आए पत्र के बाद दलित समाज के जनपद अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए सागर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा है। जहां इस समय सरकार पूरे देश में तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा जैसे अभियान चला रही है। वहीं दूसरी और जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों में अपनी योग्यता से चुने गए दलित समाज के जनप्रतिनिधियों को देश की आन-बान और शान के पर्व 15 अगस्त को मुख्य शासकीय कार्यालयों में तिरंगा फहराने से रोकने का फरमान जारी कर रहे हैं।
एक ऐसा ही मामला खुरई में सामने आया है, हर बार खुरई नगर का मुख्य झंडा वंदन स्थानीय प्रतिनिधि करते आ रहे हैं, लेकिन इस बार 15 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत द्वारा झंडा वंदन किए जाने का पत्र प्राप्त हुआ है, जबकि, खुरई जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार को खिमलासा में झंडा वंदन करने का पत्र जनपद कार्यालय से प्राप्त हुआ है।अहिरवार बाहुल्य क्षेत्र के समाज के प्रतिनिधि को खुरई में झंडा वंदन से रोका जाना समाज का अपमान बताते हुए खुरई जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद ने विरोध जताते हुए एक ज्ञापन जिला कलेक्टर, सागर और जिला पंचायत सीईओ को सौंपा है।

जिसमें कहा है कि शासन के इस आदेश से हमारा समाज आहत है, अहिरवार समाज के अपेक्षित, प्रतिनिधि को झंडा वंदन किए जाने से रोका जाना निंदनीय है, जिसका सकल अहिरवार समाज विरोध दर्ज कराता है। जमना प्रसाद अहिरवार ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि कार्यक्रम में संशोधन कर खुरई में ही झंडा वंदन करने संबंधित पत्र जारी करने की मांग की है।

