बीना (टीएमई न्यूज)। बीना के खिमलासा में स्थित प्राचीन बीजासन माता मंदिर का ताला तोड़कर बदमाश सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी चुरा ले गए। घटना की जानकारी लगते ही खिमलासा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सागर से डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। फरियादी उपेंद्र पिता फूलचंद बाथरी (47) ने बताया कि जब वह घर के सामने स्थित प्राचीन बीजासेन माता मंदिर पर पहुंचे, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के गर्भ गृह का भी ताला टूटा हुआ था। इसके बाद जब मंदिर के अंदर जाकर सभी लोगों ने देखा तो सोने के दो मुकुट, बंद गले के तीन हार, सोने के 15 मंगल सूत्र, कान की एक झुमकी, एक मुकुट चांदी का, बिछिया करीब 50, चांदी की पांच पायल, नगदी करीब 40 हजार रूपए सहित कुल करीब 4 लाख रुपए की चोरी की गई है। घटना की जानकारी लगते ही खिमलासा थाना प्रभारी नितिन पाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल करने के बाद सागर से एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खिमलासा थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।



