बीना रेलवे स्टेशन पर 12.5 लाख रुपए की लागत से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र व एक स्टेशन-एक उत्पाद का वर्चुअल लोकार्पण किया। वर्तमान में बीना स्टेशन पर क्षेत्रीय नमकीन उत्पादों का आउटलेट विज्ञापन के लिए लगाया गया है। असल में रेलवे स्टेशनों के माध्यम से सरकार क्षेत्रीय उत्पादों का प्रमोशन करने एक स्टेशन एक उत्पाद की स्कीम लाई है। इसमें एक हजार रुपये शुल्क जमा करके 15 दिन के लिए आउटलेट पर अपने उत्पादों को रखकर बेच भी सकते हैं।
वर्तमान में बीना स्टेशन पर स्थानीय नमकीन का आउटलेट लगा हुआ है। हालांकि यह पहले से संचालित हो रहा था। इसके अलावा जन औषधि केंद्र भी शुरू होगा। देखा जाता है कि सफर के दौरान अक्सर यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होती हैं। जिसके चलते यात्रियों को दवा लेने तक का समय नहीं मिल पाता क्योंकि ट्रेनों का स्टॉपेज सीमित समय के लिए होता है। वहीं स्टेशन से बाहर निकलकर बाजार में केमिस्ट से दवा लेने में अत्यधिक समय लग जाता है। इसलिए स्टेशन पर ही दवा खरीदने की सुविधा मिल जाने से लोगों को दवा उपलब्ध हो सकी। इसमें ध्यान रखा गया है कि यहां मिलने वाली दवाएं जेनरिक होंगी,जिससे यह बाजार के मुकाबले सस्ती होंगीं।
बच्चों ने दीं प्रस्तुतियां, जनप्रतिनिधियों ने किया संबोधित- रेलवे जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया और विधायक निर्मला सप्रे ने लोगों को संबोधित किया। इसमें रेलवे अधिकारियों और स्टाफ ने शामिल होकर प्रधानमंत्री का भाषण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुना।


