

बीना। स्कूल चलें अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में विधायक निर्मला सप्रे विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर इस अभियान के तहत स्कूलों में आने वाले छात्र-छात्राओं का पुष्पहारों से स्वागत कर रही हैं बीते दिवस सीएम राइज स्कूल जिसे सांदीपनि स्कूल के नाम से जाना जाने लगा है, मैं प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में विधायक निर्मला सप्रे ने सभी छात्र-छात्राओं को पुष्पहार पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। इसके साथ शासकीय मॉडल हायर सेकेण्ड्री स्कूल के प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में भी विधायक शामिल हुईं। सीएम राइज स्कूल में माँ सरस्वती की पूजन के उपरांत उन्होंने छात्र-छात्राओं पर पुष्प वर्षा भी की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान हमारी भावी पीढिय़ों के उज्जवल भविष्य के साथ शिक्षित, समृद्ध एवं विकसित मप्र के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के गुरु महर्षि सांदीपनि ने 65 प्रकार की कलाओं के साथ अध्यापन किया था और भगवान को शिक्षा प्रदान की थी उन्हीं महर्षि सांदीपनि के नाम से आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम राइज स्कूल का नामकरण किया है। विधायक ने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण करें और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नाट्य प्रस्तुतियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ऊषा राय सहित स्कूल प्राचार्य व स्टाफ एवं सरपंच प्रतिनिधि सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शामिल रहे।

