➡️ अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा, होगी सख़्त से सख़्त कार्रवाई


➡️ एसडीएम, एसडीओपी, एक्साइज और फूड सेफ्टी के संयुक्त दल को फील्ड मॉनिटरिंग के स्पष्ट निर्देश
➡️ कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव
➡️ अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर जीरो टोलरेंस, अधिकारियों को नियमित जांच के आदेश
➡️ शराब केवल अधिकृत दुकानों के काउंटर से बेचें, फुटकर बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई – पुलिस अधीक्षक श्री सिन्हा
➡️
सागर 12 नवंबर 2026
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा के साथ आबकारी , पुलिस, राजस्व अधिकारियों एवं आबकारी ठेकेदारों की बैठक लेकर अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने तथा शराब से संबंधित घटनाओं की रोकथाम के लिये महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध शराब की बिक्री में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता पाए जाने पर उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी ठेकेदारों को निर्देश दिए कि मदिरा दुकानें निर्धारित समय पर ही खोलें और बंद करें। शराब का विक्रय निर्धारित दर एवं निर्धारित स्थान पर ही किया जाए। प्रत्येक शराब दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में किसी भी शराब दुकान पर संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल सूचना दें और कार्रवाई करें। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शराब की बोतलों की सैंपलिंग स्वयं सुनिश्चित करें। एसडीएम, एसडीओपी, एक्साइज एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम नियमित निरीक्षण करे और सख्ती से कार्रवाई करे। हाईवे पर संचालित ढाबों की सघन जांच करें लाइसेंस नहीं होने पर संबंधित ढाबों के विरुद्ध भी कड़ी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा ने शराब ठेकेदारों को निर्देश दिए कि बाहर के डिस्ट्रीब्यूटरों के माध्यम से शराब बिक्री तत्काल बंद हो। शराब का विक्रय केवल अधिकृत शराब दुकानों से ही हो। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के ढाबों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी ब्लैक में शराब बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल अधिकारियों को सूचित करें। शराब का विक्रय केवल काउंटर से ही किया जाए। निर्देशों का उल्लंघन होने पर संबंधित ठेकेदार स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि शराब दुकानों पर कार्यरत कर्मचारियों को निर्देशित करें कि अत्यधिक शराब के नशे में दुकान पर आने वाले व्यक्तियों को शराब का विक्रय न करें।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कबाड़ियों द्वारा शराब की खाली बोतलें बेचे जाने पर भी कार्रवाई करें और ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। साथ ही आबकारी दुकानों के आसपास नमकीन एवं अन्य सामग्री बेचने वाले ठेलों को हटाने की कार्रवाई भी लगातार सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, श्री नरेंद्र सोलंकी, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती वंदना पांडे सहित समस्त एसडीएम, एसडीओपी, आबकारी अमला रहा।






