पक्षियों के फोटो संकलन और वन संरक्षण के नवाचारों के लिए याद किए जाएंगे

वन परिक्षेत्र पवई में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वन परिक्षेत्र अधिकारी नीतेश पटेल शनिवार को भावुक विदाई के साथ विदा हुए। वन परिवार पवई ने उनके सम्मान में बिदाई सह सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें यादगार विदाई दी। श्री पटेल ने 30 दिसंबर 2021 से 13 जुलाई 2026 तक पवई परिक्षेत्र की कमान संभाली। साढ़े चार साल के कार्यकाल में उन्होंने सिर्फ फाइलों पर काम नहीं किया, बल्कि धरातल पर वन संरक्षण को नई दिशा दी। उनके कार्यकाल में अवैध कटाई पर लगाम लगी, वन्यजीव संरक्षण के अभियान तेज हुए और विभागीय कामों में पारदर्शिता आई। सबसे खास बात, उन्होंने परिक्षेत्र में मिलने वाली दुर्लभ प्रजातियों के पक्षियों के छायाचित्रों का एक विशेष फोटो एल्बम तैयार किया। यह एल्बम आज भी उनके प्रकृति प्रेम और समर्पण की गवाही देगा।
बिदाई समारोह में माहौल भावुक रहा। नवागत वन परिक्षेत्र अधिकारी पवई पंकज दुबे,वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहनगर राजुल कटारे, वन परिक्षेत्र अधिकारी मोहन्द्रा राहुल मिश्रा मझगवां रेंजर महबूब खान जेल अधीक्षक पवई सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार साथी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि श्री पटेल का कार्यकाल सराहना की कार्यक्रम का संचालन कर रहे रविशंकर सिंह ने जब श्री पटेल के कार्यों का उल्लेख किया तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। समारोह में श्री पटेल को शाल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विदाई भाषण में श्री पटेल ने कहा कि पवई की जनता और वन परिवार का सहयोग मुझे हमेशा याद रहेगा। अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे जहां भी रहें विभाग का नाम रोशन करेंगे।








