भोपाल/मध्य प्रदेश की विवाह सहायता योजना में कथित 30.18 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। शोभित त्रिपाठी पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के साले बताए जा रहे हैं। आरोप है कि सिरोंज जनपद पंचायत में CEO रहते हुए उन्होंने योजना के तहत नियमों को दरकिनार कर सरकारी राशि मंजूर कराई और वितरित की। ED के मुताबिक, जांच में 5,923 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन किया गया। इस मामले में शोभित त्रिपाठी को पहले निलंबित भी किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद 3 सितंबर को उन्हें भोपाल की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें 9 सितंबर तक ED की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। एजेंसी यह जांच कर रही है कि योजना के तहत सरकारी धन का कथित तौर पर किस तरह दुरुपयोग किया गया और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं।




