नेताओं ने हंगामा कर जांच और आर्थिक सहायता की मांग की
भाजपा नेता मनोज शर्मा और कांग्रेसी नेता इंदर सिंह ठाकुर हुए विरोध में शामिल
बीना (टीएमई न्यूज)। बीना के जेपी अडानी पावर प्लांट परिसर में एक कर्मचारी का शव टाउनशिप की बाथरूम में मिला है। मृतक की पहचान जितेंद्र अहिरवार (37) के रूप में हुई है, जो गढ़ौला जागीर, खुरई देहात का रहने वाला था। वह प्लांट के गेट पर वाहनों की एंट्री दर्ज करने का काम करता था। जितेंद्र रविवार शाम से लापता था। सोमवार को उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की मांग की। भानगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव सहित पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। मामले में भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मृतक के परिजनों के पक्ष में जेपी पॉवर पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग के साथ मृतक के परिवार को मुआवजा एवं अन्य सहायता देने की मांग की। इसके बाद कांग्रेस नेता इंदर सिंह ठाकुर पहुंचे उन्होंने शव को जेपी पॉवर के कार्यालय के सामने ही दाह संस्कार करने की बात कही। तमाम प्रकार के प्रदर्शन के बाद जेपी पॉवर के अधिकारियों ने एक लाख के मुआवजे सहित 1 लाख 20 हजार की तात्कालिक आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया।
संदिग्ध मौत पर सवाल
परिजनों ने जितेंद्र की संदिग्ध मौत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इन मांगों को लेकर परिजनों ने मौके पर हंगामा भी किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कर्मचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा। मामले में मृतक के जो प्रथम दृष्टया चित्र सामने आए हैं उन्हें देखते हुए उसकी हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पेट पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।










