नवनिर्मित संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह पर विवाद कार्यक्रम में नाम न देने पर जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं नपा उपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

Oplus_16908288

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कुल व्यूज़10


बीना में नवनिर्मित लोकनिर्माण विभाग के संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह में केबिनेट मंत्री गोविंद राजपूत सहित सांसद लता वानखेड़े, रजनीश अग्रवाल, विधायक निर्मला सप्रे, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सीरोठिया, नपाध्यक्ष लता सकवार एवं पार्षद श्रीमति किरण ठाकुर मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ऊषा राय, जनपद उपाध्यक्ष अमर प्रताप सिंह ठाकुर एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैयां, का नाम आमंत्रण पत्र में न होने पर बीना की राजनीति गर्मा गई है। इन तीनों जनप्रतिनिधियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी के पाले में अपनी गेंद फेंक दी है एवं नाराजगी जताते हुए विरोध शुरू कर दिया है।
बीना (टीएमई न्यूज)। नवनिर्मित संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन का लोकार्पण समारोह 22 नवम्बर को संपन्न होने जा रहा है। पूर्व में इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन की चर्चाएं सोशल मीडिया के माध्यम से दी गईं थी किंतु अचानक कार्यक्रम बदलकर केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के आगमन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा के पदाधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस भवन का भूमि पूजन तात्कालीन केबिनेट मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ठाकुर एवं तात्कालीन विधायक महेश राय द्वारा किया गया था।
गौरतलब है कि इस कार्यालय का विधिवत् शुभारंभ भी कुछ माह पूर्व हो चुका है और एसडीएम तहसीलदार सहित सभी अधिकारी इस कार्यालय में बैठने लगे हैं। जब इस कार्यालय का शुभारंभ हुआ था उस समय विधायक निर्मला सप्रे द्वारा नाराजगी भी व्यक्त की गई थी और उच्चाधिकारियों से बात भी की गई थी एक बार पुन: यह अनुविभागीय कार्यालय अपने लोकार्पण समारोह को लेकर विवाद और चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल में कार्यालय के लोकार्पण समारोह के आमंत्रण पत्र में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित नपा उपाध्यक्ष का नाम शामिल नहीं किया गया है जिससे उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की है और कार्यक्रम के बॉयकॉट के साथ विरोध करने का निर्णय लिया है। टुडे एमपी एक्सप्रेस ने अलग-अलग तीनों जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी राय जानी।

जनपद उपाध्यक्ष अमर प्रताप सिंह ने क्या कहा
अनुविभागीय कार्यालय के उद्घाटन में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत आ रहे हैं, चूंकि कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश महामंत्री एवं सांसद लता वानखेड़े भी आ रही हैं इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी भी शामिल हो रहे हैं, चूंकि संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का कार्य पूर्व विधायक महेश राय के कार्यकाल में शुरू हुआ था और तात्कालीन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर व पूर्व विधायक महेश राय ने इसका भूमिपूजन किया था इस नाते इस कार्यक्रम में उन्हें भी अतिथि के रूप में शामिल किया जाना चाहिए था।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती उषा राय ने क्या कहा
मेरी इस विषय में एसडीएम से चर्चा हुई किंतु वे पेशियों में व्यस्त थे, तहसीलदार ने बताया कि अनुविभागीय कार्यालय नगरीय क्षेत्र में आता है इसलिए आप लोगों को नहीं बुलाया जा रहा है। शायद ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में शामिल न करने का कोई नया नियम आ गया होगा। फिलहाल उस कार्यक्रम का मेरे द्वारा बॉयकॉट किया जाएगा और मैं कार्यक्रम में नहीं जाऊंगी।

नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगईयां ने क्या कहा
अनुविभागीय कार्यालय काफी पहले शुरू हो चुका है, यानि की इसका उद्घाटन हो चुका है, अब राजनैतिक तुष्टिकरण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुन: उद्घाटन कराया जा रहा है, जिसमें जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित नपा उपाध्यक्ष को शामिल नहीं किया गया है। इसलिए हम लोग इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इस विषय में पार्टी स्तर पर अपनी बात रखेंगे और जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी से भी बात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *