खुरई में नेचुरल सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रेक निर्माण के लिए 4.18 करोड़ की तकनीकी स्वीकृति जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सागर/बीना/खुरई में नेचुरल सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रेक के सिविल एवं विद्युतीकरण  कार्य के लिए लोकनिर्माण विभाग ने 418.33 लाख की तकनीकी स्वीकृति आदेश जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के मांगपत्र पर मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने विगत 10 जनवरी को खुरई आमसभा में यह घोषणा की थी जिस पर अमल किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

लोनिवि के मुख्य अभियंता कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार खुरई में नेचुरल सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रेक निर्माण कार्य हेतु लोनिवि सागर के कार्यपालन यंत्री द्वारा प्रस्तुत विस्तृत प्राक्कलन एवं साईट प्लान, कांसेप्ट प्लान अनुसार 358.49 लाख की लागत से सिविल कार्य की तकनीकी स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही निर्माण कार्य हेतु विद्युतीकरण कार्य के लिए 59.84 लाख की तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है। इन दोनों कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है जिसके बाद निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा स्वीकृत खुरई में गूलर रोड पर 2.50 हेक्टेयर भूमि पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की भूमि पर इस नेचुरल सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। ब्लैक रबर ग्रेन्यूल्स, ईपीडीएम और पॉलीयुरेथेन या लेटेक्स ग्लू आदि सामग्रियों से निर्मित होने वाले सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रेक सभी मौसमों में उपयोगी होता है। इसमें बेहतरीन शॉक एब्जॉर्प्शन होता है और एथलीट्स को चोट लगने जोखिम न्यूनतम होता है। साथ ही इसकी देखभाल आसान होती है, कम रखरखाव की आवश्यकता पड़ती है और लंबे समय तक यह ट्रेक काम करते हैं। सिंथेटिक रनिंग ट्रैक लंबे समय में लागत की बचत करते हैं, इनकी टिकाऊपन प्राकृतिक या डामर सतहों की तुलना में बेहतर होती है।

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा प्रयास यह है कि खेल के क्षेत्र में खुरई विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं में भाग लेने योग्य प्रतिभाएं यहां से भी निकल सकें। साथ ही राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं के आयोजन खुरई में भी आरंभ होने से यहां की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। स्वस्थ और सकारात्मकता से भरे युवा खुरई विधानसभा क्षेत्र को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
What is the capital city of France?