देवास। चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की जीत के बाद हुए विवाद में नया मोड़ आया है। एसपी पुनीत गेहलोत ने कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर को लाइन अटैच कर दिया है। मामला सयाजी द्वार पर जश्न के दौरान हुई हुड़दंग का है। इस दौरान पुलिस ने 10 युवकों को गिरफ्तार कर उनका मुंडन करवाया और शहर में जुलूस निकाला था। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें एक पुलिस कर्मी एक दुकान संचालक से मारपीट करता दिखा। इस पर एसपी ने तत्काल उस पुलिस कर्मी को लाइन अटैच किया था।
मंगलवार को विधायक गायत्री राजे पवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने एसपी से लगभग 20 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा की। विधायक ने सभी युवकों की जल्द रिहाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया। उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वर्तमान में पूरे प्रकरण की जांच एएसपी जयवीर सिंह भदोदिया कर रहे हैं।


