सागर। युवा नेता अविराज भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन 26, 27 एवं 28 नवंबर तक ग्रैंड दीपाली होटल के सिग्नेचर हाल में किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 26 नवंबर, की प्रात: 10 बजे होगा। अविराज सिंह ने सभी से शिविर में रक्तदान करने का आग्रह करते हुए कहा है कि आपका एक यूनिट रक्तदान तीन जरूरतमंदों को जीवन का उपहार बनेगा।

युवा नेता अविराज सिंह ने बताया कि रक्तदान शिविर प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें चिकित्सकों की टीम, ब्लड बैंक विशेषज्ञ और स्वयंसेवी उपस्थित रहेंगे। रक्तदान करने वालों के लिए स्वास्थ्य जांच, प्रमाण-पत्र और खाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जन जागरूकता फैलाना, युवाओं को प्रेरित करना और शासकीय अस्पतालों में रक्त की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। यह शिविर विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवा मंडलों और ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। रक्तदाता रक्तदान करने आयोजन स्थल पर सीधे पहुंच सकते हैं अपने पूर्व पंजीयन के लिए 9228036582 / 9228035521नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अविराज सिंह अपने पिता पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, जो विगत 12 वर्षों से अपने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित करते आ रहे हैं और अब तक 16, 659 यूनिट रक्त एकत्रित कर चुके हैं। श्री अविराज भूपेन्द्र सिंह की सागर अंचल के युवाओं के बीच अपनी सक्रियता, सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार और सामाजिक कार्यों को लेकर अपनी विशिष्ट पहचान है। उनका जन्मदिन 29 नवंबर को है। इस अवसर को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए उन्होंने लगातार द्वितीय वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन करने का निर्णय लिया है। पिछले वर्ष उन्होंने भी अपने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित किया था, जिसमें 570 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ था।
उल्लेखनीय है कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से अब तक 16,659 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है, जो सागर और आसपास के क्षेत्रों बंडा, केसली, गौरझामर, गढ़ाकोटा, खुरई, सुरखी, रहली, राहतगढ़, मालथौन, नरयावली, बांदरी, बीना, देवरी, बेगमगंज, दमोह, सानौधा, बटियागढ़, जैसीनगर तथा दलपतपुर सहित अनेक नगरों और ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान कर रहा है। अविराज ने इस परंपरा को अपनाते हुए अपने जन्मदिन को भी सेवा के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने अपने पिता के 12 साल के इस नेक कार्य को याद करते हुए कहा कि 16 हजार से अधिक यूनिट रक्त ने हजारों लोगों की जान बचाई है, और वे इस परंपरा को और विस्तार देने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के कार्यालय में चौबीसों घंटे निशुल्क ब्लड हेल्पलाइन सेवा भी संचालित है। वे इस सेवा प्रकल्प की नियमित मॉनिटरिंग करते हैं तथा हर एक सहायता काल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास करते हैं। युवा नेता अविराज सिंह का कहना है कि रक्तदान का एक छोटा सा प्रयास कई जिंदगियां बचा सकता है। सागर जिले में शासकीय अस्पतालों में अक्सर रक्त की कमी देखी जाती है, खासकर आपातकालीन स्थितियों में। इस शिविर के माध्यम से एकत्रित रक्त जिला अस्पताल और अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध कराया जाएगा, जो स्थानीय समुदाय के लिए महत्वपूर्ण योगदान देगा।








