नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रेक्टर ट्राली पलटी 3 की मौत 33 घायलएनएच 44 नीमघाटी में हुआ हादसा, हताहत बांदरी तहसील के निवासी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कुल व्यूज़1

(देवरीकलाँ) सागर जिले के गौरझामर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 नीमघाटी पर रविवार सुबह ग्रामीणों से भरी ट्रेक्टर ट्राली पलटने से उसके चालक सहित 3 व्यक्तियों की मौत हो गई एवं ट्राली में बैठे 33 व्यक्ति घायल हो गये। घायलों में 5 की हालत गंभीर है जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया। उक्त सभी ग्रामीण श्रद्धालु बांदरी तहसील के ग्राम गढ़ोला गुसाई के निवासी है जो कार्तिक मास में नर्मदा स्नान के बाद अपने गांव वापिस लौटते समय दुर्घटना का शिकार बन गये।

देवरी/विगत रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया, दोप लगभग 12 बजे नीमघाटी पर घाट उतरते समय श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसमें सवार 3 व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई, एवं 33 अन्य घायल हो गये। घटना के तत्काल बाद सड़क से गुजर रहे वाहन चालक एवं आसपास के ग्रामीण मदद के लिए आगे आये और उन्होने ट्रेक्टर ट्राली में दबे ग्रामीणों को बाहर निकाला और थाना पुलिस सहित ऐम्बूलेंस सेवा को घटना की सूचना दी। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई और घटना के सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र देवरी लाया। जहा से 5 गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है।

हादसे में घायल मेघा पिता राकेश यादव ने बताया कि वह सभी ग्राम गढ़ोला गुसाई के निवासी निवासी है जो कार्तिक स्नान के लिए विगत शनिवार रात्रि में ट्रेक्टर-ट्राली में बैठकर बरमान पहुँचे थे, रविवार सुबह नर्मदा स्नान के बाद घर लौट रहे थे। दुर्घटनास्थल नीमघाटी पर घाट के कारण ट्रेक्टर की रप्तार अचानक बढ़ जाने के कारण ट्राली अनियंत्रित हो गई, जिससे ट्रेक्टर के पहिये उछलकर दूर जा गिरे और ट्रेक्टर-ट्राली सड़क की पटरी पर पलट गये, जिसके बाद चीख पुकार मच गई।

घटना में 3 की मौत 33 घायल

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद देवरी एवं गौरझामर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुँची और घायलों को ट्रेक्टर ट्राली से निकालकर ऐम्बूलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र देवरी रवाना किया। इस हादसे में ट्रेक्टर चालक राकेश पिता रम्मू यादव 50 वर्ष, प्रेमरानी पत्नि रम्मू यादव 70 वर्ष, एवं रक्षा पिता पर्वत प्रजापति 17 वर्ष की मौत हो गई। एवं 33 घायलों को देवरी चिकित्सालय लाया गया था। जिसमें चमन सेन 37 वर्ष, भूपेन्द्र यादव 15 वर्ष, सत्यम सेन 18 वर्ष, गीता प्रजापति 15 वर्ष, पार्वती सेन 23 वर्ष, राममिलन सेन 25 वर्ष, द्रोपती प्रजापति 50 वर्ष, मनीषा प्रजापति 14 वर्ष, अंगद सेन 26 वर्ष, संध्या सेन 20 वर्ष, मिथलेश यादव 30 वर्ष, लक्ष्मी यादव 30 वर्ष, अनुराधा यादव 13 वर्ष, रानू यादव 6 वर्ष, मेघा यादव 20 वर्ष, राधिका प्रजापति 30 वर्ष, टीकाराम प्रजापति, सविता यादव, शालिनी सेन, प्रेमरानी यादव, सुमन प्रजापति, चांदनी प्रजापति, अनीता सेन, सत्यपाल सेन, ललित प्रजापति, राजपाल प्रजापति, भूमि प्रजापति, ललित प्रजापति, स्वाति सेन, तुलसीराम यादव, चमन सेन, शानवी प्रजापति सभी निवासी ग्राम गढ़ोला गुसाई एवं संध्या यादव निवासी विदिशा, बबीता यादव निवासी पाली शामिल है।

राहत एवं बचाव के लिए आगे आये लोग

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पीढ़ितों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए समाजसेवी एवं राजनैतिक कार्यकर्ता आगे आये और लोगो की मदद की। घटना के घायलों की संख्या अधिक होने के कारण निजी वाहन चालकों द्वारा घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। देवरी सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र में घायलों की देखरेख, उपचार एवं सेवाकार्य में समाजसेवियो ने भागीदारी की।

हादसे रोकने के लिए कदम उठायेगा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी अरूण उइके, नायब तहसीलदार रामराज चौधरी एवं गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूखी एवं थाना प्रभारी देवरी कपिल लक्षकार घटनास्थल पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य का निर्देशन किया। पत्रकारों से बात करते हुए एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि सभी घायल बांदरी तहसील के गढ़ोला गुसाई गांव के निवासी है, घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था प्रशासन एवं समाजसेवियों द्वारा की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर लगातार हो रही दुर्धटनाओं के विषय में उन्होने कहा कि इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के साथ समीक्षा की जाएगी। दुर्घटना के संबंध में उन्होने कहा कि दोनो थानों के थाना प्रभारी मामले को देख रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *