विधायक निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय की मुस्कुराहट ने समर्थकों को दिया एक बड़ा सियासी संदेश, भाजपा को मिल सकती है नई ताकत
बिना। राजनीति भी गजब का खेल है। कल तक जो एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माने जाते थे, आज वे एक-दूसरे को मिठाई खिलाते और मुस्कुराते नजर आए। सियासत के इस बदले हुए मिजाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि राजनीति में न कोई स्थायी दोस्त होता है और न ही कोई स्थायी दुश्मन। यहां वक्त और परिस्थितियां बदलते ही रिश्तों के मायने भी बदल जाते हैं।
22 नवंबर का दिन बीना की भाजपा राजनीति के लिए एक सुखद और कई मायनों में महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल का एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बीना प्रथम आगमन हुआ। उनके स्वागत में जगह-जगह उत्साह दिखाई दिया। लेकिन सबसे अधिक राजनीतिक चर्चा उस समय शुरू हुई, जब रजनीश अग्रवाल पूर्व विधायक महेश राय के अटल मंच स्थित कार्यालय पहुंचे।
यहां का नजारा देखकर भाजपा के कई छोटे-बड़े नेता कुछ पल के लिए ठिठक गए। वजह भी खास थी। वर्तमान विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करते, मिठाई खिलाते और सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आए। इस ऐतिहासिक राजनीतिक दृश्य को भाजपा युवा नेता हेमेंद्र रसल्ला ने अपने कैमरे में कैद कर लाइव प्रसारित भी किया।
दरअसल, बीना की राजनीति में विधायक निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय को लंबे समय से एक-दूसरे का राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माना जाता रहा है। निर्मला सप्रे ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी महेश राय को पराजित किया था। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। लेकिन पार्टी बदलने से राजनीतिक समीकरण तो बदले, दिलों की दूरियां उतनी आसानी से नहीं मिट सकीं।
दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच भी एक अघोषित राजनीतिक दूरी दिखाई देती रही। महेश राय के समर्थक विधायक निर्मला सप्रे के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखते थे, तो विधायक समर्थकों की भी पूर्व विधायक महेश राय के राजनीतिक आयोजनों में विशेष दिलचस्पी दिखाई नहीं देती थी। यानी पार्टी एक, झंडा एक, विचारधारा एक, लेकिन समर्थकों के राजनीतिक रास्ते अलग-अलग!
बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के बाद बिना की राजनीति में फिर हलचल तेज हुई। इसी बीच पूर्व विधायक महेश राय के चुनावी भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसमें वे निर्मला सप्रे की जीत के बाद बिना की स्थिति खराब होने, गुंडागर्दी बढ़ने और 11 विधायकों के नजर आने जैसी बातें कहते सुनाई दिए। इस वीडियो ने पुराने राजनीतिक विवादों को फिर हवा दे दी थी।
लेकिन 22 नवंबर को तस्वीर कुछ और ही थी। जिस सियासी दूरी को समर्थक वर्षों से अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा का सवाल बनाए बैठे थे, उसी दूरी को दोनों नेताओं ने चंद मिनटों की मुस्कुराहट में छोटा कर दिया।
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने अपने हाथों से विधायक निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलाई। इसके बाद भाजपा का चुनाव चिह्न दिखाकर उन्होंने मानो यह संदेश दे दिया कि व्यक्तिगत राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर संगठन और पार्टी की एकजुटता है।
अब सवाल उन समर्थकों से है, जो नेताओं की पुरानी अदावत को अपनी राजनीतिक निष्ठा का प्रमाण मानकर बैठे थे। जब नेता एक-दूसरे के साथ बैठ सकते हैं, हंस सकते हैं, मिठाई खिला सकते हैं, तो समर्थकों के बीच दूरियां आखिर किस बात की? क्या अब समर्थकों को भी अपनी पुरानी राजनीतिक तलवारें म्यान में रखनी होंगी?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यही है कि भाजपा में अब स्थानीय स्तर पर एकजुटता की नई पटकथा लिखने की कोशिश दिखाई दे रही है। रजनीश अग्रवाल के इस कदम को केवल एक औपचारिक मुलाकात मानना शायद राजनीतिक नासमझी होगी। यह मुलाकात आने वाले समय में बिना की भाजपा के अंदर नए समीकरणों की शुरुआत भी साबित हो सकती है।
पूर्व विधायक महेश राय के कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उषा राय तथा अमर प्रताप सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि भी हंसी-मुस्कुराहट के माहौल में नजर आए।
राजनीतिक गलियारों में अब चर्चाएं तेज हैं कि क्या निर्मला सप्रे और महेश राय की यह नजदीकी आने वाले चुनावों में भाजपा की नई रणनीति का आधार बनेगी? क्या दोनों नेताओं के समर्थक भी अब एक मंच पर दिखाई देंगे? और क्या पुराने राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़कर भाजपा एक मजबूत चुनावी टीम तैयार कर पाएगी?
फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन 22 नवंबर का यह दृश्य अपने पीछे एक बड़ा संदेश छोड़ गया है।
क्योंकि राजनीति में दुश्मनी स्थायी नहीं होती, लेकिन सत्ता और संगठन के समीकरण हमेशा महत्वपूर्ण होते हैं। कल तक जो एक-दूसरे के सामने थे, आज एक ही मंच पर हैं। अब देखना यह है कि नेताओं की मिठास समर्थकों के व्यवहार में भी उतरती है या फिर यह मिठाई केवल कैमरों और राजनीतिक संदेशों तक ही सीमित रह जाती है!






