बीना के भानगढ़ थाना क्षेत्र के ढांड गांव में जमानत के लिए जमीन की बंदी नहीं देने की बात को लेकर दो सगे भाइयों ने अपने ही दूर के एक रिश्तेदार की चाकू मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार करतार पिता तुलाराम अहिरवार (38) बुधवार रात अपने घर पर बैठा हुआ था। तभी उसी गांव में रहने वाले उसके दूर के रिश्तेदार नीलेश अहिरवार, मौजी उर्फ मोहन अहिरवार आए और किसी मामले में जमानत के लिए जमीन की बंदी मांगने लगे।
तभी करतार ने जमीन की बंदी देने से मना कर दिया तो विवाद बढ़ गया। दोनों सगे भाई गाली गलौज करने लगे। जब करतार ने गाली गलौज करने से मना किया तो दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों भाइयों ने करतार पर चाकू से हमला कर दिया।
परिजन उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में ही करतार ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भानगढ़ थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह भदोरिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।


