साप्ताहिक बाजार राहगीरों के लिए बना मुसीबत, मोहंद्रा तिराहे पर एक घंटे लगा जाम


पवई-पवई-मोहंद्रा मार्ग पर माता कलेही मंदिर परिसर में लगने वाला साप्ताहिक बाजार राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बाजार में दुकानों और ठेलों के अव्यवस्थित तरीके से लगने के कारण हर सप्ताह आवागमन बाधित होता है। गुरुवार को मोहंद्रा तिराहे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मोहंद्रा तिराहे पर यातायात बाधित होने की समस्या केवल साप्ताहिक बाजार तक सीमित नहीं है। पन्ना-कटनी मार्ग पर तिराहे के दोनों किनारों पर सब्जी की दुकानें लगने से सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है। वहीं, ओटीआई सड़क का निर्माण लंबे समय बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। अधूरी सड़क और दोनों ओर लगने वाली दुकानों के कारण पहले से ही सीमित आवागमन वाले इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के चलते स्थिति और बिगड़ गई तथा करीब एक घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। दरअसल, साप्ताहिक बाजार में ठेले और अस्थायी दुकानें लगाने वाले दुकानदार सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लेते हैं। इसके चलते आवागमन के लिए सड़क का सीमित हिस्सा ही बचता है। इसी जगह से वाहनों के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बाजार की अव्यवस्थित स्थिति को देखते हुए 12 नवंबर को एसडीएम समीक्षा जैन ने नगर परिषद को बाजार में लेआउट तैयार कर निर्धारित सीमा के भीतर दुकानें लगवाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 18 नवंबर को नगर परिषद ने परिसर में चूने से लेआउट भी डलवाया, लेकिन इसका असर व्यवस्था पर दिखाई नहीं दिया। दुकानें निर्धारित सीमा के बाहर और ठेले सड़क किनारे ही लगते रहे। गुरुवार 26 नवंबर को भी स्थिति जस की तस रही। न तो नगर परिषद की ओर से लेआउट की व्यवस्था कराई गई और न ही दुकानदारों को सड़क से दूर दुकानें लगाने के लिए बाध्य किया गया। नतीजतन बाजार सड़क तक फैला रहा और मोहंद्रा तिराहे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। अब सवाल यह है कि जब एसडीएम के स्पष्ट निर्देशों के बाद लेआउट भी तैयार कराया गया था, तो उसका पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा? नगर परिषद की ओर से केवल चूने की लकीर खींच देना पर्याप्त नहीं है। जब तक दुकानों को निर्धारित स्थान पर लगवाने, तिराहे को अतिक्रमण मुक्त रखने और अधूरी ओटीआई सड़क का निर्माण पूरा कराने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यातायात की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है।लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था से परेशान पवई के नागरिकों को अब नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह से उम्मीद है कि वे मामले को संज्ञान में लेकर जिम्मेदार विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे, ताकि साप्ताहिक बाजार के दिन राहगीरों को जाम और दुर्घटना की आशंका के बीच आवागमन करने के लिए मजबूर न होना पड़े।








