मोहन बड़ोदिया ।अपराधों की रोकथाम और पतारसी के लिए आज के समय में सीसीटीवी कैमरों की निर्णायक भूमिका है, इसी उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलेभर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शासकीय संस्थानों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।
इसी दिशा में पुलिस थाना मोहन बड़ोदिया के ग्राम दुधाना पंचायत में सरपंच राकेश जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक से प्रेरणा लेकर पूरे दुधाना कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की पहल की है। इस पहल के तहत कस्बे में कुल 34 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसकी शुरुआत फीता काटकर आज दिनांक 18 फरवरी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के द्वारा की गई, सीसीटीवी कैमरा के द्वारा मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी प्रभावी रूप से की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, पूरे कस्बे में निःशुल्क वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे तकनीकी रूप से उन्नत सुरक्षा प्रणाली को और अधिक कारगर बनाया जा सकेगा।
इन सीसीटीवी कैमरों की सहायता से अपराधों की रोकथाम और घटनाओं की निगरानी करना संभव होगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी, जिससे अपराधियों पर लगाम कसने में मदद मिलेगी। साथ ही, निर्दोष व्यक्तियों को गलत आरोपों से बचाने में भी ये कैमरे एक महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में कार्य करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की आधुनिक निगरानी प्रणाली एक मील का पत्थर साबित होगी। दुधाना ग्राम में उठाए गए इस कदम से अन्य ग्रामीण क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे भी अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में पहल कर सकें।
जिला पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के लिए सतत प्रयासरत है और भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायत दुधाना सरपंच राकेश जायसवाल,मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी प्रेम किशोर व्यास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.


