बीना
बीना जीआरपी ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में शराब और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
आज प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर जीआरपी थाना बीना की टीम ने पूर्वी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। सूचना थी कि एक व्यक्ति नौगांव से मोटरसाइकिल पर सफेद बोरी में देशी शराब लेकर पूर्वी कॉलोनी के रास्ते बीना शहर की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही एएसआई मूलचंद के नेतृत्व में आरक्षक सचिन श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, प्रकाश माली एवं सतवीर ने पीडब्ल्यूआई साउथ रेलवे रोड, पूर्वी रेलवे कॉलोनी बीना पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 100 पाव सफेद देशी शराब और 200 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की बरामद की गई। कुल मिलाकर करीब 54 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके साथ ही एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
जीआरपी द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह शराब बीना शहर में किस व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जीआरपी थाना बीना द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है।








