सागर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1500 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची शराब नष्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कुल व्यूज़1

महाराजपुर थाना क्षेत्र के आफतगंज टोला में दी दबिश, करीब 1.60 लाख रुपये का महुआ लाहन किया नष्ट; लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आया विभाग

देवरी। सागर जिले के देवरी क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समनापुर साहजू के आफतगंज टोला में आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त दबिश देकर करीब 1500 किलो महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया। इसके साथ ही 20 लीटर कच्ची शराब भी जब्त कर नष्ट की गई। नष्ट किए गए महुआ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध महुआ शराब के निर्माण और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग की टीम ने महाराजपुर थाना पुलिस के सहयोग से आफतगंज टोला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ घरों में अवैध रूप से छिपाकर रखा गया महुआ लाहन और कच्ची शराब मिली, जिसे विभागीय टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने दी कार्रवाई की जानकारी

आबकारी सहायक जिला अधिकारी पूजा चंद्रन वर्मा ने बताया कि ग्राम समनापुर साहजू के आफतगंज टोला में अवैध महुआ शराब के निर्माण और भंडारण की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया की पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 1500 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौतों के बाद तेज हुई विभागीय सक्रियता, उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि सागर जिले में अवैध शराब से जुड़ी मौतों के मामलों के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बंडा के बाद देवरी क्षेत्र में भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अवैध शराब के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ाई है। ऐसे में सवाल यह है कि यदि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायतें पहले से मिल रही थीं, तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

अब देखना होगा कि आफतगंज टोला में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर वास्तव में कितना अंकुश लग पाता है और विभाग आगे भी इसी तरह नियमित कार्रवाई जारी रखता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *